UP Board Exams New Guidelines 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी UPMSP ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अहम तैयारी शुरू कर दी है। इस बार बोर्ड एग्जाम में पहली बार कुछ एग्जाम सेंटर पर जैमर लगाने का फैसला लिया गया है। बोर्ड के अनुसार परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में कराई जाएगी। कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से पूरा करने की योजना है और रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना जताई गई है। बोर्ड ने इस बार व्यवस्था को पहले से ज्यादा सख्त और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया है ताकि पूरी प्रक्रिया तय शेड्यूल के अनुसार पूरी हो सके।
चयनित एग्जाम सेंटर पर लगाए जाएंगे जैमर
यूपी बोर्ड ने नकल रोकने की तैयारी के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रदेश के कुल 8033 एग्जाम सेंटर में से 20 सेंटर पर जैमर लगाने का निर्णय लिया है। जैमर लगने के बाद एग्जाम के दौरान मोबाइल या इंटरनेट सिग्नल काम नहीं करेंगे और किसी भी तरह की डिजिटल गतिविधि सेंटर के अंदर नहीं हो पाएगी। बोर्ड के अनुसार यह प्रयोग परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए किया जा रहा है। प्रयोग सफल रहने पर आगे आने वाले वर्षों में अन्य एग्जाम सेंटर पर भी इसी व्यवस्था को लागू किया जा सकता है।
18 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर परीक्षाएं
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। एग्जाम दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे और कॉपियों का मूल्यांकन 15 से 15 कार्यदिवस के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जारी करने की तैयारी की जा रही है। परीक्षा शेड्यूल और मूल्यांकन व्यवस्था को समयबद्ध रखने के लिए सभी जिलों को निर्देश भेजे जा चुके हैं।
नकल रोकने के लिए पहले से लागू हैं कई व्यवस्थाएं
यूपी बोर्ड पिछले कुछ वर्षों से एग्जाम प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए कई बदलाव कर चुका है। वर्ष 2025 से पेपर में केंद्रवार कोडिंग लागू है और 2023 से पेपर की चार लेयर पैकेजिंग व्यवस्था लागू की गई है। 2024 से सभी गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी के लिए मुख्यालय और पांच क्षेत्रीय कार्यालयों में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर काम कर रहा है। इसके अलावा सभी जिलों में सिली हुई कॉपियों की व्यवस्था लागू है और 2020 से क्रमांकित तथा चार रंग की कॉपियां उपयोग में लाई जा रही हैं।
कितने छात्र देंगे इस बार बोर्ड एग्जाम
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हो रहे हैं और सभी जिलों में तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 27,61,696 छात्र हाईस्कूल एग्जाम में पंजीकृत हैं जबकि 25,76,082 छात्र इंटरमीडिएट एग्जाम देंगे। पूरे प्रदेश में 8033 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा की पूरी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं और सेंटर स्तर पर तैयारी की समीक्षा की जा रही है।
एग्जाम ड्यूटी वाले कर्मचारियों को एसआईआर ड्यूटी से राहत का अनुरोध
यूपी बोर्ड परीक्षा को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एग्जाम कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को एसआईआर ड्यूटी से मुक्त रखने का अनुरोध शासन से किया है। एसआईआर यानी मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्य कई जिलों में चल रहा है और उसी दौरान बोर्ड एग्जाम भी निर्धारित हैं। विभाग ने कहा है कि परीक्षा कार्य में लगे कर्मचारियों को यथासंभव इस ड्यूटी से अलग रखा जाए ताकि एग्जाम का संचालन तय व्यवस्था और समय के अनुसार पूरा किया जा सके।

