NEET UG Application Guidlines: नीट यूजी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और इस बार फॉर्म भरने के नियमों में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फर्जीवाड़ा रोकने और पहचान पक्की करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब आधार से वेरिफिकेशन और लाइव फोटो जरूरी कर दी गई है। अगर उम्मीदवार ने आवेदन करते समय छोटी सी भी गलती कर दी तो फॉर्म सीधे रिजेक्ट हो सकता है, जिससे परीक्षा में बैठने का मौका छिन सकता है। इसलिए फॉर्म भरते समय सभी निर्देश ध्यान से पढ़ना बहुत जरूरी हो गया है।
आधार से पहचान पक्की करना जरूरी
इस बार नीट यूजी आवेदन में आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे फर्जी आवेदन रोके जा सकें। उम्मीदवार का आधार कार्ड एक्टिव होना चाहिए और मोबाइल नंबर से लिंक होना जरूरी है, तभी ओटीपी के जरिए पहचान पूरी होगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार ई-केवाईसी पूरा नहीं होने पर फॉर्म सबमिट नहीं होगा। वहीं जिन अभ्यर्थियों का आधार मोबाइल से लिंक नहीं है, उन्हें पहले इसे अपडेट करना होगा, वरना आवेदन प्रक्रिया बीच में रुक सकती है। एनटीए ने साफ किया है कि पहचान सत्यापन पूरा होना जरूरी है, तभी उम्मीदवार का फॉर्म स्वीकार किया जाएगा।
अब पुरानी फोटो नहीं चलेगी
फोटो अपलोड करने के नियम भी पूरी तरह बदल दिए गए हैं। अब उम्मीदवार को फॉर्म भरते समय लाइव फोटो क्लिक करनी होगी, पुरानी फोटो अपलोड करने का विकल्प नहीं रहेगा। यह फोटो कंप्यूटर के वेबकैम से या मोबाइल कैमरे से क्यूआर कोड स्कैन करके ली जा सकती है। फोटो में चेहरा साफ और सामने होना चाहिए और फ्रेम का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा कवर करना जरूरी है। वहीं यह लाइव फोटो सीधे आधार कार्ड की फोटो से मैच की जाएगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी पकड़ी जा सके और गलत जानकारी देने वाले उम्मीदवारों का आवेदन रोका जा सके।
इन चीजों से तुरंत रिजेक्शन होगा
एनटीए ने साफ निर्देश दिए हैं कि लाइव फोटो लेते समय उम्मीदवार किसी भी तरह की टोपी या रंगीन चश्मा न पहनें। साधारण चश्मा भी तभी पहनें जब चेहरे की पहचान साफ दिख रही हो। फोटो धुंधली, कट या गलत एंगल से ली गई हुई पाई गई तो फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है। वहीं चेहरे पर शैडो, मास्क या कोई भी कवरिंग होने पर भी आवेदन रद्द किया जा सकता है। बता दें कि इस बार फोटो जांच काफी सख्त कर दी गई है, जिससे केवल सही और असली उम्मीदवार ही परीक्षा में शामिल हो सकें और किसी भी तरह की गड़बड़ी को पहले ही रोका जा सके।
अब ऐसे मिलेगा परीक्षा केंद्र
इस बार परीक्षा केंद्र चुनने का नियम भी बदल दिया गया है। पहले उम्मीदवार अपनी पसंद का शहर चुन सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब परीक्षा केंद्र उम्मीदवार के स्थायी या वर्तमान पते के आधार पर ही तय किया जाएगा। यानी जो पता आवेदन में भरा जाएगा, उसी के आसपास केंद्र आवंटित होगा। इसलिए पता भरते समय पूरी सावधानी रखना जरूरी है, क्योंकि गलत या अधूरा पता देने पर केंद्र दूर मिल सकता है या आवेदन में समस्या आ सकती है। एनटीए ने कहा है कि उम्मीदवार सही जानकारी ही भरें ताकि बाद में किसी तरह की दिक्कत न हो।
छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है
नीट यूजी 2026 के आवेदन में इस बार नियम काफी सख्त कर दिए गए हैं, इसलिए जल्दबाजी में फॉर्म भरना नुकसान कर सकता है। उम्मीदवार सभी निर्देश ध्यान से पढ़ें और सही जानकारी के साथ ही आवेदन पूरा करें। बता दें कि गलत फोटो, अधूरा आधार वेरिफिकेशन या गलत पता जैसी छोटी गलती भी फॉर्म रिजेक्ट करा सकती है। वहीं फॉर्म रिजेक्ट होने के बाद सुधार का मौका नहीं मिलेगा, जिससे पूरा साल खराब हो सकता है। इसलिए आवेदन करने से पहले सभी जरूरी चीजें जांच लें और प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करें, तभी फॉर्म सफलतापूर्वक स्वीकार होगा।

